गया/बाराचट्टी l बेबस लाचार व आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के लिए केंद्र व राज्य सरकार ने पीएम आवास योजना के तहत आवास मुहैया कराने की मुहिम चला रखी है. इसके बावज़ूद गया ज़िले के बाराचट्टी प्रखंड की झाझ पंचायत के धमना गांव स्व. राजकुमार ठाकुर की विधवा मेनका देवी आवास के लिए मोहताज बनी है.बरसात में कच्ची मिट्टी का बना आवास धराशाई हो जाने के बाद अब तक नहीं बन सका है. विवश व आर्थिक रूप से लाचार विधवा मेनका देवी के पास इतनी रकम नहीं है कि आवास के लिए नजराने के तौर पर प्रतिनिधियों को चढ़ावा चढ़ा सके. आवास योजना से वंचित मेनका देवी का कहना है कि बीते बरसात में बचा खुचा पुरानी मिट्टी का घर भी गिर गया. तब से पड़ोसी के घर में शरण लेकर किसी तरह गुजारा कर रही हैं.त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों से आवास योजना का लाभ मिलने की आस जगी तो ज़रूर पर आवास का सपना कब एक घर होगा अपना यह पूरा होगा भी या नहीं दावे के साथ तो नहीं कहा जा सकता है. इस बाबत स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता रविशंकर प्रसाद ने मुख्यमंत्री समेत अन्य वरीय अधिकारियों से मांग की है कि पंचायत में सर्वेक्षण कराकर ऐसे ग़रीब व लाचार परिवारों को तत्काल पीएम आवास योजना का लाभ मुहैया कराया जाए तथा भ्रष्ट प्रतिनिधियों पर अंकुश लगाया जाए.


