संवाददाता : सम्भू सेन (सरायकेला)
जमशेदपुर : मानगो के एमजीएम थाना क्षेत्र छोटाबांकी डैम के पास बाइक सवार बदमाशों का किसी बात को लेकर स्थानीय ग्रामीणों से विवाद हो गया। घटना के बाद बदमाशों ने फायरिंग कर दी जिसमें एक ग्रामीण घायल हो गया जबकि दूसरे ग्रामीण की डंडे से पिटाई कर दी। इसके बाद सभी भाग निकले। घायलों को एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गोली पास ही गाँव के रहने वाले रोहित के हथेली को भेदते हुए आर-पार हो गई। डंडे से हमला करने के कारण कालू कर्मकार को भी गंभीर रूप से चोट आई है। फिलहाल पुलिस मामले की सत्यता की जांच कर रही है। इधर, ग्रामीणों की माने तो डैम में हुए विवाद के बाद तीन बाइक पर सवार बदमाशों ने एक ग्रामीण को अगवा करने का प्रयास किया। हवाई फायरिंग भी की। सूचना पर छोटा और बाराबांकी के ग्रामीण एकजुट हो गए। यह देख बाइक सवार बदमाश भागने लगे। इस बीच रोहित सिंह सामने आ गया। बदमाशों ने उस पर फायरिंग कर दी।


