समस्तीपुर डीएम शशांक शुभंकर की अध्यक्षता में नगर परिषद दलसिंहसराय क्षेत्र में जलजमाव की समस्या से निपटने की तैयारी से संबंधित बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यालय प्रकोष्ठ में आहूत की गई। इस बैठक में स्थानीय विधायक आलोक कुमार मेहता, नगर अध्यक्ष राजेश पासवान, उपाध्यक्ष चंदन प्रसाद एवं दलसिंहसराय अनुमंडल पदाधिकारी ज्ञानेन्द्र कुमार उपस्थित थे।
इस बैठक में अनुमंडलीय अस्पताल दलसिंहसराय व फुटानी चौक पर जलजमाव की स्थिति, जल निकासी के स्थानों पर अतिक्रमण, जल निकासी की समस्या, पंप की व्यवस्था, कच्चे नालों के माध्यम से तत्काल जल निकासी की व्यवस्था, वीआईपी कॉलोनी और अशोक नगर में बरसात के समय में जलजमाव की समस्या, नवादा पंचायत में जलजमाव इत्यादि मुख्य बिंदुओं पर विमर्श किया गया। विमर्श के बाद जिलाधिकारी द्वारा सभी नालों की सफाई एवं उड़ाही का कार्य 10 जून तक कराने का निदेेश दिया गया। डैनी चौक से बाजार चौक तक की सफाई एवं सभी ग्यारह नालों की सफाई 10 जून तक कराने का निदेेश दिया गया। नाला वाइज टीमों की नियुक्ति की जाए। टीमों की नियुक्ति से संबंधित कार्य 5 जून तक कराने का निदेेश दिया गया। फुटानी चौक के पास कच्चा नाला का निर्माण कराने का निदेेश दिया गया। हॉस्पिटल से कमराइन नदी तक नाला का निर्माण कराने का निदेेश दिया गया। कच्चे नालों का निर्माण 12 जून तक करा लेना है। जिलाधिकारी ने निदेश दिया कि इसमें दलसिंहसराय के अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी दलसिंहसराय अपने स्तर से सहयोग करेंगे। साथ ही साथ 32 नंबर रेलवे गुमती से डॉक्टर ए० के० राय के आवास तक नाला का पक्कीकरण एवं सफाई कराने का निदेेश दिया गया।
पीएचइडी के कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया गया कि शहर में सभी गड्ढों को जल्द भरवाने का कार्य पूरा करवाना सुनिश्चित करें।
इस बैठक की जानकारी ज़िला जन सम्पर्क कार्यालय समाहरणालय समस्तीपुर द्वारा प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी गई है।


