न्यूज़ डेस्क : झारखंड के हजारीबाग में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना घटी है। जिले के विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र की रहने वाली पूजा देवी के ससुरालवालों ने उसपर मिट्टी का तेल छिड़ककर जिंदा जला दिया। पूजा की सात साल पहले बनासो में शादी हुई थी। जानकारी के अनुसार पूजा के परिजनों को सूचना मिली की बेटी पर ससुरालवालों ने मिट्टी का तेल छिड़ककर जान से मार दिया है।
परिजन आनन-फानन में बनासो पहुंचे और पुलिस को मामले की सूचना दी। ससुराल वाले फिलहाल फरार हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। पूजा अपने पति का दूसरी महिला के साथ अवैध संबंधों का विरोध किया करती थी। इसपर ससुरालवाले उसे घर से निकालने और जान से मारने की धमकी दिया करते थे।
पूजा के परिजनों ने विष्णुगढ़ थाने में आवेदन दे दिया है। उन्होंने बताया कि बेटी का पति भीम पासवान उसे प्रताड़ित किया करता था। वह कहता था कि हम दूसरी महिला से शादी कर लेंगे और फिर तुम्हें नहीं रखेंगे। विरोध करने पर ससुरालवाले भी पिटाई करते थे। वहीं घटना के बाद पड़ोसियों ने पूजा के घरवालों को बताया कि घटना को सोची समझी साजिश के तहत अंजाम दिया गया है।
घटना के समय पड़ोस के एक घर में शादी हो रही थी। डीजे की तेज आवाज में पूजा की चीखों को कोई नहीं सुन पाया। परिजनों का कहना है कि बेटी के दो छोटे बच्चे हैं जो गायब हैं। गांव वालों को भी उनका पता नहीं है। हमें डर है कि कहीं उन्हें भी न मार दिया गया हो। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


