न्यूज़ डेस्क : झारखंड में लॉकडाउन के दूसरे चरण चरण में रांची पुलिस और सख्त हो गई है। पुलिस ने जगह-जगह मास्क चेकिंग की। यही नहीं, तीन बजे के बाद सड़क पर दिख रहे लोगों को रोककर घर से उनके निकलने की वजह पूछी गई। जो लोग अनावश्यक रूप से घूमते मिले पुलिस ने उनसे जुर्माना भी वसूला। रांची के अल्बर्ट एक्का चौक, कांटाटोली चौक, सुजाता चौक, बहुबाजार चौक, राजेंद्र चौक, बिरसा चौक, अरगोड़ा चौक, रातू रोड चौक, लालपुर चौक, करमटोली चौक सहित कई जगहों पर तैनात पुलिस ने चेकिंग की और लोगों को घरों में ही रहने की हिदायत दी।
रांची पुलिस सड़क पर आने-जाने वाले हर शख्स की चेकिंग कर रही है। लोगों की गाड़ियों के कागजात के साथ ही मास्क की चेकिंग की जा रही है। दवाइयों की कालाबाजारी की सूचनाओं के बीच पुलिस ने चेकिंग के दौरान इसकी भी जांच की जा रही है। सड़क पर बेवजह घूमने और बिना मास्क के लगाए लोगों पर भी पुलिस ने जुर्माना लगाया। करीब दो दर्जन से ज्यादा लोगों पर पुलिस ने जुर्माना लगाया। ऐसे कई लोगों को पुलिए ने कुछ घंटों तक सड़क के किनारे बैठाए भी रखा।
पुलिस ने लॉकडाउन के बावजूद खुली हुई दुकानों को बंद भी कराया। इसके साथ ही दुकानदारों को हिदायत दी कि यदि फिर से निर्धारित समय पर दुकानें बंद नहीं की गईं तो उन्हें सील कर दिया जाएगा। इसके अलावा जुर्माना भी लगाया जाएगा। ट्रैफिक पुलिस ने कहा है कि यह अभियान नियमित तौर पर जारी रहेगा। बेवजह सड़क पर नजर आने वालों के सभी तरह के कागजातों की जांच की जाएगी। उनसे जुर्माना भी वसूल किया जाएगा।


