गया/डोभी। डोभी प्रखंड मुख्यालय के सभा भवन में शनिवार को नावाडीह एवं वारी पंचायत के नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शपथ दिलाई गई। शपथ के उपरांत उप मुखिया और उपसरपंच का चुनाव भी करवाया गया। शपथ ग्रहण समारोह में नावाडीह पंचायत से मुखिया श्रीमती गिरिजा देवी सहित पंचायत के 14 वार्ड सदस्यों ने शपथ ग्रहण कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
वहीं वारी पंचायत से मुखिया अनिल कुमार अजनबी सहित पंचायत के 16 वार्ड सदस्यों ने शपथ ग्रहण में भाग लिया। शपथ ग्रहण के बाद उप मुखिया और उप सरपंच का भी चुनाव करवाया गया जहां नावाडीह पंचायत से वार्ड संख्या 2 के वार्ड सदस्य शंकर कुमार ने कुल 10 मत प्राप्त कर उपमुखिया बने। वही वार्ड संख्या 3 के संजीत यादव ने कुल 3 मत प्राप्त कर उप विजेता रहे तथा नावाडीह पंचायत के उपसरपंच अमित कुमार निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। वही बारी पंचायत के उप मुखिया बिट्टू कुमार बने तथा उपविजेता सत्येंद्र कुमार ताती रहे।
साथ ही वारी पंचायत के उप सरपंच राजेश कुमार निर्विरोध निर्वाचित हुए। शपथ ग्रहण के दौरान शराबबंदी कानून को सफल बनाने को लेकर जनप्रतिनिधियों को शपथ दिलाई गई। प्रखंड विकास पदाधिकारी सह निर्वाची पदाधिकारी संजीव कुमार झा ने सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों को शपथ दिलाया व उप मुखिया और उपसरपंच को प्रमाण पत्र वितरण किया। इस अवसर पर पर्यवेक्षक के रूप में प्रखंड कृषि पदाधिकारी सुमेश्वर मेहता, अरविंद कुमार, श्रुति, रजनी कुमारी आदि लोग मौजूद थे।


