न्यूज़ डेस्क : पुलिस मुख्यालय द्वारा कांडों के महज 48 घंटों और 72 घंटों में सफल उद्भेदन के लिए किशनगंज के पुलिस अधीक्षक कुमार आशीष और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के साथ-साथ अन्य पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को सम्मानित किया जाएगा। उन्हें प्रशस्ति पत्र और नकद राशि सौंपे जाएंगे।
बीते साल 13 जून को किशनगंज के पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली कि दिघलबैंक थानान्तर्गत बलुआडांगी में सुबह करीब 05.30 बजे एक घर में डकैती की घटना हुई है। घटना की सूचना पर दिघलबैंक थाना में कांड संख्या-57/20 दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा त्वरित कार्रवाई हेतु एक विशेष जांच दल का गठन किया गया।
जांच दल ने पुलिस अधीक्षक के निर्देशन पर त्वरित छापामारी करते हुए महज 72 घंटों में कांड में संलिप्त सभी 10 अभियुक्तों को न केवल गिरफ्तार किया गया, बल्कि लूटे गए सामना (18,000 रुपए और चांदी के जवेरात) के साथ-साथ एक देशी कट्टा, दो कारतुस और अपराध में प्रयुक्त चारपहिया वाहन और मोटरसाइकिल भी बरामद किया गया।
इस कांड के उद्भेदन के लिए पुलिस मुख्यालय द्वारा किशनगंज के एसपी कुमार आशीष और विशेष जांच दल में शामिल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मो. अनवर जावेद अंसारी को प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा इस कांड के उद्भेदन में शामिल अन्य पुलिसकर्मियों को 3000, 2500 और 1500 रुपए नकद से सम्मानित किया जाएगा।
इसी तरह 26 जुलाई 2019 को बैंक बंद होने के बाद और 28 जुलाई.की सुबह 10.00 बजे के बीच भारतीय स्टेट बैंक के चुरलीहाट शाखा के अज्ञात चोरों द्वारा पिछले दरवाजे का ताला तोड़कर गैस कटर से कैश बॉक्स काटकर चोरी कर लिया गया था। इस संबंध में गलगलिया थाना कांड संख्या-43/19, दिनांक-28.07.2019, धारा-461/379/34 भा0द0वि0 दर्ज किया गया।
इस मामले में भी एसपी के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई हेतु एक विशेष जांच दल का गठन किया गया। विभिन्न संदिग्ध स्थानों पर छापामारी करते हुए महज 48घंटे के भीतर तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया। साथ ही उनसे चोरी की गई राशि 50,700 और 93,000 के पुराने नोटों को बरामद किया गया। इसके लिए पुलिस मुख्यालय द्वारा विशेष जांच दल में शामिल पु, नि. (स्व.) अश्विनी कुमार, तत्कालीन अंचल पुलिस निरीक्षक, ठाकुरगंज को प्रशस्ति पत्र और अन्य को नकद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
आपको बता दें कि पूर्णिया क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक के द्वारा पुलिस परेड का आयोजन कर ये पुरस्कार दिए जाएंगे। विगत कई अवसरों पर एसपी कुमार आशीष के नेतृत्व में किशनगंज पुलिस ने मानवतावादी पुलिसिंग के साथ, विभिन्न अपराधिक घटनाओं में त्वरित उद्भेदन कर बरामदगी सहित सभी संलिप्त अभियुक्तों को गिरफ्तार कर कई मामलों में त्वरित सजा दिलाने का भी कार्य किया है।


