न्यूज डेस्क : पटना हाईकोर्ट में सोमवार से आमने-सामने सुनवाई शुरू होगी। सोमवार से गुरुवार आमने-सामने तो शुक्रवार को वर्चुअल सुनवाई होगी। आमने-सामने की सुनवाई को देखते हुए पटना हाईकोर्ट ने पहले ही एसओपी जारी कर दिया है। हाईकोर्ट परिसर तथा कोर्ट रूम में प्रवेश के लिए नए नियम बनाये गए हैं। पटना हाईकोर्ट के गेट संख्या एक से जजों के आने-जाने की व्यवस्था है, जबकि गेट संख्या तीन से वकील और उनके मुंशी तथा हाईकोर्ट कर्मी के प्रवेश करने की अनुमति होगी। वहीं गेट संख्या चार से वकील उनके मुंशी हाईकोर्ट कर्मी सहित अन्य लोग कोर्ट परिसर में आ सकेंगे। थर्मल स्कैनिंग के बाद ही हाईकोर्ट परिसर में प्रवेश की अनुमति होगी।
ई पास है जरूरी
हाईकोर्ट की ओर से जारी ई पासधारी को ही कोर्ट रूम में प्रवेश करने की अनुमति होगी। सुनवाई में तलब किए जाने पर संबंधित व्यक्ति या अधिकारी को स्पेशल पास जारी किया जाएगा। सभी को मास्क पहनना, सामाजिक दूरी बनाये रखने के नियमों को सख्ती से पालन कराया जाएगा। फ्लू, बुखार या खांसी जैसे लक्षण वाले किसी को भी कोर्ट परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
काम होते ही परिसर छोड़ देंगे
सूची बद्ध मुकदमा के वकील और उनके मुंशी को हाईकोर्ट परिसर और कोर्ट रूम में प्रवेश की अनुमति होगी। काम समाप्त होते ही वकील और उनके मुंशी तुरंत हाईकोर्ट परिसर छोड़ देंगे। हाईकोर्ट के तीनों वकील संघों के दस-दस वकीलों को नये एसओपी का पालन कराने की जिम्मेवारी सौंपी गई है।


