न्यूज डेस्क : बिहार के सहरसा जिले के सोनवर्षा थाना क्षेत्र के अमृता गांव में मवेशी चोरी के आरोपी दो युवकों को पकड़ कर भीड़ द्वारा जमकर पिटाई करने से एक युवक की मौत हो गई। जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम में भेज दिया। वहीं घायल युवक को पीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल सहरसा रेफर कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बरैठ पंचायत के अमृता गांव निवासी पशुपालक मधुसूदन ऋषिदेव बीती रात घर के सामने सड़क किनारे अपने तीन भैसों को बांध कर बगल के मचान पर सो रहे थे। इस दौरान रात 12 बजे के करीब मधुसूदन की नींद खुली तो मवेशी को नहीं देख अपने पूरे परिवार सहित ग्रामीणों के साथ खोजबीन में जुट गए। खोजबीन के दौरान ग्रामीाणों ने पतरघट ओपी क्षेत्र के करियत गांव निवासी गजेंद्र पासवान का पुत्र रुपेश पासवान व अमृता गांव निवासी शनिचर यादव को बाइक को घसीटकर नहर की ओर ले जाने के दौरान पकड़ लिया।
दोनों युवकों को पकड़कर गांव लाया गया। पूछताछ के दौरान पता चला कि उन लोगों ने ही जलसीमा गांव के एक पिकअप वैन से करियत गांव के बबलू पासवान के हाथ चोरी की भैंसों को दे दिया। इतना सुनते ही मौके पर मौजूद भीड़ दोनों युवकों की पिटाई करने लगे। पिटाई के दौरान ही रूपेश पासवान की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घाय हो गया।
सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घायल को सदर अस्पताल सहरसा में भर्ती करा दिया। सोमवार को सिमरी बख्तियारपुर के एसडीओपी इम्तियाज अहमद ने घटना स्थल पर पहुंच कर आवश्यक छानबीन की।
इस संबंध में मरीबख्तियारपुर एसडीपीओ इम्तियाज अहमद ने बताया कि भैंस चोरी के आरोप में ग्रामीणो की पिटाई से एक युवक की मौत हुई है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।


