संवाददाता - निरंजन कुमार, गया
गयाः बिहार के गया सेंट्रल जेल के प्रवेश द्वार पर रक्षाबंधन को लेकर रविवार सुबह ही बहनें अपने बंदी भाइयों को राखी बांधने के लिए पहुंचीं, लेकिन कोरोना ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया. गाइडलाइन और बंदियों की सुरक्षा का हवाला देते हुए जेल प्रशासन की ओर से उन्हें राखी बांधने की अनुमति नहीं मिली. हर वर्ष जेल प्रसाशन की ओर से राखी बंधवाने की व्यवस्था की जाती थी.
जेल उपाधीक्षक रामानुज के नेतृत्व में सभी बहनों को समझाया गया. उन्होंने बताया कि कोरोना को लेकर इस वर्ष जेल में बंद कैदियों के लिए बाहर आईं उनकी बहनें या परिजनों द्वारा भेजी गई मिठाइयां व राखियों की जांच कर पुलिसकर्मियों द्वारा बंदियों तक भिजवाने की व्यवस्था की गई है. कोरोना संक्रमण को लेकर यह कदम उठाए गया है.


