गयाः न्यू एरिया स्थित युवा जदयू कार्यालय में युवा जदयू के गया जिलाध्यक्ष कुमार गौरव उर्फ गौरव सिन्हा की अध्यक्षता में गया जिला युवा जदयू के सभी विधानसभा प्रभारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शामिल होने वाले सभी प्रभारियों को पौधा देकर प्रोत्साहित किया गया। साथ ही सभी विधानसभा प्रभारी को मनोनयन पत्र भी दिया गया बैठक में सभी विधानसभा प्रभारियों से संगठन संबंधित सुझाव एवं शिकायत लिया गया और उनके द्वारा पूछे गए विभिन्न सवालों का समाधान निकालने को लेकर भी आपस में विमर्श किया गया। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
इस बैठक को सम्बोधित करते हुए युवा जदयू के जिलाध्यक्ष कुमार गौरव उर्फ गौरव सिन्हा ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुवाई में चल रही सरकार महत्वाकांक्षी योजनाओं और अभियानों के माध्यम से बिहार विकास कर रहा है। मुख्यमंत्री के इस उद्देश्य को हमलोग जन-जन तक पहुंचाने के लिए संकल्पबद्ध हैं। आगे श्री सिन्हा ने कहा कि इसके लिए सभी विधानसभा प्रभारी अपने क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले प्रखंड अध्यक्षों से समन्वय स्थापित कर पंचायत अध्यक्ष बनवाने का काम करें ताकि आने वाले समय में आयोजित होने वाली विधानसभा स्तरीय सम्मेलन को सफल बनाया जा सके, इसको लेकर इसकी तैयारी की जाए। गया जिला युवा जदयू के अध्यक्ष कुमार गौरव उर्फ गौरव सिन्हा ने अपने संबोधन में ये भी कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री लगातार जल-जीवन-हरियाली अभियान को फोकस करते हैं। इस अभियान का मूल मकसद है बिहार को हरित आवरण प्रदेश बनाना ताकि आने वाले समय में बिहार पर्यावरण के मामले में भी किसी से पीछे न रह जाए। आज इसी अभियान का नतीजा है कि समय पर वर्षापात हो रही है,
जिससे किसानों को खेती करने में सहुलियत हो रही है। हलांकि मुख्यमंत्री ने किसानों को खेती के लिए अलग फीडर की व्यवस्था कर देश को एक नई दिशा देने का काम किया है। श्री सिन्हा ने सभी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों से बातचीत करते हुए कहा कि आप सभी लोग कोरोना वैक्सीन तो ले ही लें साथ ही अपने घर के सभी लोगों को वैक्सीन दिलाएं। इसके अलावे वैक्सिनेशन के चेन को आगे बढ़ाते हुए सभी को वैक्सीनेट कराने में सहयोग करें। साथ ही सभी लोगों से कोरोना की तीसरी लहर से लड़ने के लिए बेवजह घर से बाहर निकलने से परहेज करने की और मास्क का लगातार उपयोग करने की अपील करें। गया जिला युवा जदयू के सभी विधानसभा प्रभारियों की आयोजित बैठक की अध्यक्षता युवा जदयू जिलाध्यक्ष कुमार गौरव उर्फ गौरव सिन्हा ने की, जबकि संचालन मुख्य प्रवक्ता दिवाकर कुमार ने की। इस आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि लोकसभा प्रभारी अंकित कुमार करण उपस्थित थे।


