न्यूज़ डेस्क : बिहार में महिला अपराध रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। आए दिन महिलाओं और छात्राओं से रेप, छेड़खानी जैसी खबरें सामने आ रही हैं। मुजफ्फरपुर में भी कुछ इसी तरह की घटना सामने आई है। काजी मोहम्मदपुर थानाक्षेत्र के एक मोहल्ले की स्नातक की छात्रा का न्यूड फोटो एक युवक ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है। इससे छात्रा व उसके परिजन काफी परेशान व मानसिक तनाव में हैं। आरोपित युवक गोबरसही का रहने वाला है। गुरुवार को पीड़ित छात्रा अपनी बहन के साथ गोबरसही स्थित आरोपित युवक के घर पहुंची। छात्रा ने आरोपित युवक व उसके परिजनों से इस संबंध में शिकायत की। इसपर आरोपित व उसके परिजनों ने दोनों बहनों पर हमला कर उन्हें जख्मी कर दिया। इस संबंध में छात्रा ने काजी मोहम्मदपुर थाने में आरोपित व उसके परिजनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के लिए आवेदन दिया है। पुलिस आवेदन को जांच में रखा है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह बिहार विवि में स्नातक की छात्रा है। आरोपित युवक गोबरसही का रहनेवाला है। वह छात्रा के मोहल्ले में बराबर आता रहता है। इस बीच आरोपित ने छात्रा की एक न्यूड तस्वीर बना कर व्हॉट्सअप पर वायरल कर दी। इसकी जानकारी मिलने पर वह परेशान हो गयी। उसने मामले की जानकारी अपनी बहन और परिजनों को दी।
बहन के साथ वह इसकी शिकायत करने आरोपित के घर पर पहुंची, लेकिन आरोपित ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए दुर्व्यवहार शुरू कर दिया। परिजनों के सामने ही छात्रा के साथ रेप का प्रयास किया। इस पर छात्रा की बहन उसका विरोध करते हुए उससे भिड़ गयी। आरोपित ने छात्रा पर पिस्टल से प्रहार कर दिया। दोनों बहनों के साथ मारपीट की गयी। स्थानीय लोगों के जुटने पर मामला शांत हुआ। छात्रा का सदर अस्पताल में इलाज कराया गया। थानेदार सत्येंद्र कुमार सिन्हा ने बताया कि पुलिस छानबीन कर रही है।


