
न्यूज़ डेस्क : झारखण्ड के लातेहार मंडल कारा में रविवार की रात ड्यूटी पर तैनात जवान अजीत कुजूर ने अचानक फायरिंग कर दी। इससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, इस घटना में किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ है। घटना के बाद पुलिस और जिला प्रशासन के पदाधिकारियों ने जेल में पहुंचकर मामले की छानबीन करना शुरू कर दी है।
जांच के क्रम में पता चला कि जेल में तैनात जवान अजीत कुजूर रविवार की रात अपनी पत्नी से फोन पर बात कर रहा था। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। जिसके बाद जवान ने गुस्से में आकर हवाई फायरिंग कर दी। इधर जेल में फायरिंग होने से जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले की जानकारी तत्काल पुलिस अधिकारियों को दी गयी। जिसके बाद एसपी प्रशांत आनंद जेल पहुंचकर पुरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने आरोपी जवान को निलंबित कर दिया। वहीं मामले की जांच का आदेश दिया है।
