शेरघाटी में कोरोना से बेला पंचायत के पूर्व मुखिया रामाशीष यादव की मौत हो गई है, वहीं कोविड जांच के दौरान कोरोना का एक नया केस भी मिला है। कोरोना के शिकार बने पूर्व पंचायत प्रतिनिधि बेला पंचायत के लगातार तीन टर्म अर्थात 2001 से 2016 तक मुखिया रहे थे।
दिवंगत पूर्व मुखिया के पुत्र अनुज कुमार यादव ने अपने पिता के निधन की पुष्टि की है। पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि कोरोना के लक्षणों और सांस में तकलीफ की शिकायत के बाद उन्हें हफ्ते भर पूर्व गया के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां रविवार की सुबह इलाज के दौरान उन्होंने आखिरी सांस ली। पूर्व मुखिया के शव को उनके गांव देवनपुर लाया गया और निकट से गुजरने वाली जमुने नदी के तट पर उनकी अंत्येष्टि की गई।
पूर्व मंत्री विनोद प्रसाद यादव, कचौड़ी पंचायत के प्रतिनिधि किशोर प्रसाद यादव, राजद नेता भगत यादव और दिनेश यादव आदि समेत बड़ी संख्या में विभिन्न राजनीतिक संगठनों के लोग और आस-पास के ग्रामीण उनके अंतिम संस्कार में शामिल हुए।


