न्यूज़ डेस्क : पश्चिम बंगाल में ट्रेन से आने वाले लोगों के लिए नेगेटिव आरटी-पीसीआर रिपोर्ट जरूरी कर दिया गया है। रेलवे ने राज्य के मुख्य सचिव के आदेश का हवाला देते हुए गुरुवार को यह जानकारी दी। पश्चिम बंगाल उन राज्यों की सूची में शामिल हो गया है जहां आने के लिए यात्रियों को नेगेटिव आरटी-पीसीआर जांच रिपोर्ट साथ में रखना अनिवार्य है।
रेलवे ने राज्य सरकार के आदेश का हवाला देते हुए कहा, पश्चिम बंगाल सरकार के मुख्य सचिव ने आदेश जारी किया है... लंबी दूरी की रेलगाड़ियों से आने वाले यात्रियों और दूसरे राज्यों से आने वाली बसों के यात्रियों के लिए भी आरटी-पीसीआर की नेगेटिव रिपोर्ट रखना अनिवार्य है।
राज्य सरकार के आदेश का जिक्र करते हुए रेलवे ने कहा, पश्चिम बंगाल आने वाले यात्रियों से इस तरह की रिपोर्ट के बगैर आने की उम्मीद नहीं की जाती है। इस सिलसिले में औचक जांच की जाएगी और जांच रिपोर्ट की प्रामाणिकता की भी पड़ताल की जाएगी। पश्चिम बंगाल में पिछले कुछ दिनों में कोरोना वायरस के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हुई है।


