न्यूज़ डेस्क : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दिल्ली के सीएम के अनुरोध पर मंगलवार को अपने आवासीय कार्यालय से लिंडे इंडिया लिमिटेड के चार लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन टैंकर को ऑनलाइन फ्लैगऑफ कर जमशेदपुर से दिल्ली के लिए रवाना किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वैश्विक महामारी के दौर में पूरे देश में मेडिकल ऑक्सीजन की कमी है। हम सभी के लिए यह सौभाग्य की बात है कि आज हम अपने राज्य के साथ-साथ दूसरे राज्यों को भी मेडिकल ऑक्सीजन की आपूर्ति करने में सक्षम हो पाए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सदियों से झारखंड के संसाधनों से दूसरे राज्य लाभांवित होते रहे हैं। आज झारखंड के लिए गौरव की बात है कि वर्तमान समय में अमृत समान मेडिकल ऑक्सीजन की व्यवस्था करने में दूसरे राज्यों को हम सहयोग कर पा रहे हैं। राज्य में लिंडे इंडिया लिमिटेड, एयरवाटर, सेल एवं अन्य संस्थाओं आदि देश में मेडिकल ऑक्सीजन आपूर्ति के लिए आगे आए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे राज्य से ट्रेन, सड़क मार्ग से देश के विभिन्न शहरों में ऑक्सीजन की आपूर्ति हो रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वैश्विक महामारी के दौर में सभी को जीने का अधिकार है। सभी लोगों को हमें एक समान देखना है।
सोरेन ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आग्रह पर झारखंड में लिंडे इंडिया प्लांट से कुल 58 टन मेडिकल ऑक्सीजन दिल्ली के लिए भेजा गया। यह विकट काल एक दूसरे की मदद करने का है और इसी सहभागिता से हम कोरोना के संक्रमण काल पर विजय पायेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के मद्देनजर सरकार हर क्षेत्र में पैनी नजर बना रखी है। स्वास्थ्य सुविधाओं में उपयोग होने वाले सभी महत्वपूर्ण उपकरणों की उपलब्धता के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है।
दिल्ली के मुख्यमंत्री ने मांगी मदद
मुख्यमंत्री हेमंत ने कहा कि ऑक्सीजन की कमी को देखते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री ने पत्राचार के माध्यम से झारखंड सरकार के साथ संपर्क कर मेडिकल ऑक्सीजन सप्लाई के लिए आग्रह किया। भारत सरकार की अनुमति से दिल्ली वासी एवं दिल्ली में रहने वाले झारखंडवासियों की जीवन रक्षा के लिए झारखंड ने 58 टन मेडिकल ऑक्सीजन उपलब्ध कराने का पुनीत कार्य किया है। आज हम सभी को यह एहसास हो रहा है कि ऑक्सीजन सिर्फ इंसान के लिए ही नहीं, बल्कि उद्योग जगत में कार्यरत मशीनों के लिए भी महत्वपूर्ण है। राजस्थान की सरकार ने भी मदद मांगी है।
ऑक्सीजन बेड की उपलब्धता सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि अचानक से संक्रमण बढ़ा है। वेंटिलेटर पर जिंदगी की आखिरी जंग लड़ी जाती है और वेंटिलेटर से वापसी कुछ ही लोग कर पाते हैं। इसलिए सरकार अधिक से अधिक ऑक्सीजन बेड उपलब्ध कराने पर जोर दे रही है, ताकि मरीजों को शुरुआती चरण में ही बेहतर उपचार मिल सके और उन्हें वेंटिलेटर तक जाने की जरूरत ना पड़े। राज्य में कोविड सर्किट बनाया गया है। इससे ऑक्सीजन उपलब्ध कराया जा रहा है। कुछ मरीजों को सुविधा उपलब्ध हुई है। उन्होंने कहा कि झारखंड अन्य राज्यों को सहयोग करने में पीछे नहीं है। झारखंड में ऑक्सीजन की सरप्लस उपलब्धता है यहां ऑक्सीजन उपयोग करने वाले संसाधनों जैसे सिलेंडर आदि की कमी है। अब सरकार ऑक्सीजन पाइप लाइन के साथ बेड उपलब्ध कराने पर जोर दे रही है।
जियो और जीने दो की नीति से चल रही हमारी सरकार : बन्ना गुप्ता
स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार जियो और जीने दो के उद्देश्य से कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में पूर्वी सिंहभूम जिले के बर्मामाइंस स्थित लिंडे इंडिया लिमिटेड द्वारा देश की राजधानी दिल्ली के लिए 58 टन मेडिकल ऑक्सीजन भेजने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार झारखंड वासियों के जीवन की रक्षा करते हुए अन्य राज्यों के लोगों के लिए भी मेडिकल ऑक्सीजन आपूर्ति को लेकर सहानुभूति रखती है। वर्तमान में लिंडे इंडिया लिमिटेड द्वारा प्रतिदिन लगभग 200 टन लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन देश के विभिन्न राज्यों में आपूर्ति की जा रही है। लिंडे इंडिया लिमिटेड के झारखंड, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, बिहार, दिल्ली सहित अन्य जगहों के स्थानीय प्लांट से वहां के अस्पतालों में आवश्यकतानुसार लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन की सप्लाई की जा रही है। लिंडे इंडिया लिमिटेड देश में मेडिकल ऑक्सीजन की अधिक से अधिक आपूर्ति के लिए हर संभव प्रयासरत है।
उपायुक्त ने मुख्यमंत्री के समक्ष जिले में चल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की दी जानकारी
मुख्यमंत्री ने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त सूरज कुमार से जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों के इलाज, ऑक्सीजनयुक्त बेड की व्यवस्था, ऑक्सीजन रिफलिंग की व्यवस्था, कोविड सर्किट के उपयोग इत्यादि सहित अन्य विषयों की जानकारी ली। उपायुक्त ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि वर्तमान में जिले में 900 ऑक्सीजनयुक्त बेड है। आने वाले दिनों में और ऑक्सीजनयुक्त बेड बढ़ाने की कार्य योजना जिला प्रशासन द्वारा तैयार की गई है। पूर्वी सिंहभूम जिले में स्थापित कोविड सर्किट का लाभ मरीजों को मिलना शुरू हो गया है।
मुख्यमंत्री से वेंटिलेटर उपलब्ध कराने का आग्रह
मुख्यमंत्री ने मौके मौजूद विधायक मंगल कालिंदी एवं विधायक संजीव सरदार से मुख्यमंत्री ने उनके क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। दोनों विधायकों ने अपने क्षेत्र के लिए मुख्यमंत्री से वेंटिलेटर की संख्या बढ़ाने का आग्रह किया। विधायकों ने मुख्यमंत्री के समक्ष कहा कि इस संक्रमण की घड़ी में मरीजों के उपचार के लिए वेंटिलेटर की आवश्यकता अधिक महसूस की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में लोगों के जीवन की रक्षा के लिए सरकार वेंटिलेटर बढ़ाने का हर संभव प्रयास कर रही है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय से मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, नगर विकास सचिव विनय कुमार चौबे एवं जमशेदपुर से उपायुक्त सूरज कुमार, लिंडे इंडिया लिमिटेड के सीनियर मैनेजर अभिजीत, लॉजिस्टिक इंचार्ज संतोष कुमार भगत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।


