न्यूज़ डेस्क : बिहार में इन दिनों शादी-बारात की तरह-तरह की खबरें सामने आ रही हैं। कोरोना काल के चलते बिहार के बोधगया से एक अलग तरह का मामला सामने आया है। यहां एक मंदिर में शादी समारोह का आयोजन किया गया था। दूल्हा भी तैयार था और दुल्हन भी। दोनों एक-दूसरे के जीवनसाथी बनने के लिए मंदिर की ओर बढ़े। इसी बीच दोनों के साथ कुछ ऐसा हुआ कि वह मंदिर जाने के बजाए सीधे वैक्सीनेशन सेंटर पहुंच गए।
कोरोना वायरस के संक्रमण के चलते इन दिनों जगह-जगह वैक्सीनेशन कैंप लगाए गए हैं। कोरोना से बचने के लोगों को टीका लगाया जा रहा है। बोधगया सिराजपुर के रहने वाले विकास और नवादा के रजौली गांव की रहने वाली पूनम विष्णुपद मंदिर के पास शादी होनी थी। दोनों को अब तक कोरोना का टीका नहीं लगा था। रास्ते में कोरोना टीका को लेकर किसी ने टोक दिया।
फिर क्या था दोनों सात फेरों से पहले वैक्सीनेशन कैंप पहुंच और कोरोना का टीका लगवाया। नवविवाहित जोड़े को टीका लगवाते देख लोगों ने तालियों से दोनों का स्वागत किया। आपको बता दें कि जहां एक ओर कोरोना को लेकर लोगों में भ्रम फैला हुआ है तो वहीं दूसरी ओर नवविवाहित जोड़े के इस कदम को देखकर हर कोई सलाम कर रहा है। नए जीवन की शुरुआत करने वाले विकास और पूनम में अपनी शादी के पहले वैक्सीन लेकर उन युवाओं को भी संदेश दिया है जिनकी भविष्य में शादी होनी है।


