Requirement Ads

हमारे यूट्यूब चैनल को अभी सब्स्क्राइब करें

पहली बार ग्रेजुएट एग्जाम में नकल रोकने के लिए सभी केंद्रों पर लगेंगे जैमर, छात्रों को घर पर छोड़कर आनी होंगी ये चीजें // LIVE NEWS 24

यहाँ अपने बिजनेस राजनीतिक शुभकामना प्रचार के लिए सम्पर्क करें।
न्यूज़ डेस्क : बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के स्नातक पार्ट-वन की परीक्षा को लेकर केंद्रों पर सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की जा रही है। मुजफ्फरपुर सहित पांच जिलों के परीक्षा केंद्रों पर नकल रोकने के लिए जैमर लगाए जाएंगे। विश्वविद्यालय की ओर से इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। ऑब्जेक्टिव सवालों के आधार पर परीक्षा लिए जाने के फैसले के बाद गोपनीयता के मुद्दे पर एकेडमिक काउंसिल व सिंडिकेट की बैठक में बात आयी थी।

विवि की ओर से तय किया गया है कि सभी केंद्रों पर जैमर लगाए जाएंगे, ताकि परीक्षा में मोबाइल आदि का उपयोग न हो सके। विवि की परीक्षा में पहली बार जैमर की व्यवस्था की जा रही है। परीक्षा के लिए पांच जिलों में 35 केंद्र होंगे। इसमें मुजफ्फरपुर, पूर्वी व पश्चिम चंपारण, वैशाली, सीतामढ़ी के परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्था की जाएगी।

इसके साथ ही परीक्षा में मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी सहित किसी भी तरह के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को ले जाने पर पूरी तरह से रोक रहेगी। छात्रों को यह सब घर पर छोड़कर आना होगा। परीक्षा केंद्रों पर इसे जमा करने की व्यवस्था नहीं रहेगी।


परीक्षा नियंत्रक डॉ. संजय कुमार ने मंगलवार को बताया कि ऑब्जेक्टिव परीक्षा होने के कारण पूरी पारदर्शिता बरतने के लिए तमाम उपाय किए जाएंगे। छात्रों को मोबाइल सहित इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र पर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। इनको केंद्रों पर जमा करने की भी व्यवस्था नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि एडमिट कार्ड पर इसको लेकर स्पष्ट निर्देश दिया जाएगा।

हर दिन विवि में जमा होगी ओएमआर शीट
परीक्षा खत्म होते ही हर दिन सभी जिलों को ओएमआर शीट विश्वविद्यालय को उपलब्ध करा देनी होगी। ओएमआर शीट आने के साथ ही इसकी जांच विवि में शुरू हो जाएगी। परीक्षा खत्म होने के एक सप्ताह में रिजल्ट जारी करने के लिए यह व्यवस्था की जा रही है।

दो घंटे की परीक्षा, पौने दो घंटे उत्तर देने के लिए मिलेंगे
परीक्षा नियंत्रक ने कहा कि परीक्षा का समय दो घंटे का होगा। इसमें से 15 मिनट छात्रों को ओएमआर शीट भरने के लिए मिलेगा। वहीं, बचे 1.45 घंटे में छात्रों को उत्तर लिखने के लिए मिलेंगे। बताया कि हर पेपर में सौ प्रश्न पूछे जाएंगे। इसमें से छात्रों को 50 प्रश्नों के ही उत्तर देने होंगे।