समस्तीपुर डीएम शशांक शुभंकर द्वारा मंगलवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से ज़िले में टीकाकरण एक्सप्रेस द्वारा चलाये जा रहे टीकाकरण कार्य की समीक्षा की गई।इस समीक्षा बैठक में अपर समाहर्ता समस्तीपुर, सिविल सर्जन, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी ,निदेशक लेखा एवं प्रशासन, डीसीएचसी प्रभारी, डीपीएम जीविका, डीपीओ आईसीडीएस, अपर सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी, जिला स्वास्थ्य प्रबंधक, जिला शिक्षा पदाधिकारी उपस्थित थे। बैठक में डीएम श्री शुभंकर द्वारा टीका एक्सप्रेस में प्रखंडवार कवरेज देखने के बाद जिन पंचायतों में संबंधित एजेंसी यथा एएनएम आईसीडीएस एवं जीविका द्वारा परफॉर्मेंस खराब रहा उनसे पूछताछ करते हुए प्रगति हेतु आवश्यक निदेश दिया गया। सभी पीएचसी प्रभारी को निर्देश दिया गया कि टीका एक्सप्रेस पंचायतों में सुबह के 8:00 बजे तक पहुँचें, इसे सुनिश्चित करेंगे। सबंधित एजेंसी जो टीकाकरण के कार्य में लगे हुए हैं, जिलाधिकारी द्वारा उन्हें निर्देशित किया गया कि 12 जून के समीक्षात्मक बैठक में अपना प्रगति प्रतिवेदन दिखाना सुनिश्चित करेंगे।
सभी प्रखंड के अंचल अधिकारी को निर्देश दिया गया कि बाढ़ राहत कार्यों में कार्य करने वाले कर्मी यथा रसोईया, सहायक रसोईया, नाविक, सहायक नाविक, सभी नोडल पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित कर्मियों का सौ प्रतिशत टीकाकरण का कार्य 12 जून तक पूर्ण कराना सुनिश्चित करेंगे। साथ ही उन्होंने बताया कि प्राय: ऐसा देखा जाता है, कि गांव में ठेकेदार अथवा एजेंसियों के द्वारा जो जेसीबी से खुदाई करते हैं नदी के किनारे, तालाब के किनारे, चौर में या किसी चिमनी के किनारे कार्योपरांत गड्ढा को उसी तरह यथावत छोड़ देते हैं। इसमें बाढ के समय पानी भर जाता है और छोटे बच्चों, लोगों के डूबने का खतरा होता है। ऐसी घटना को रोकने के उद्देश्य से सभी अंचल अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि अपने क्षेत्र के सभी क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर एक सर्वे करा लें, एवं जिस ठेकेदार अथवा एजेंसियों के द्वारा ऐसा किया पाया जाता है ,तो उस पर कार्यवाही की जाएगी। वर्तमान में मौजूद गड्ढों में लाल झंडा लगवाया जाएगा। बिंदु पाँच से संबंधित सूची तैयार कर अधोहस्ताक्षरी को तीन दिनों में प्रतिवेदित करने का निर्देश दिया गया। इस बैठक की जानकारी प्रभारी ज़िला जन सम्पर्क पदाधिकारी ऋषव राज ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी है।


