न्यूज़ डेस्क : बिहार के कैमूर जिले में एक सनसनीखेज मामला सामना आया है। यहां लड़के के पिता को प्यार करने की सजा मिली है। लड़की के परिजनों ने लड़के के पिता पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। इस दौरान वहां मौजूद दूसरे व्यक्ति को गोली लग गई। गंभीर हालत में दोनों अस्पताल में भर्ती हैं।
यह घटना कैमूर जिले के मोहनिया थाने में घटित हुई है। दरअसल, 14 मई को एक लड़की की शादी होने वाली थी। शादी की तारीख आने से पहले ही लड़की अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। इसके बाद लड़की के परिजनों ने थाने में जाकर मामले की शिकायत की। लड़की की बरामदगी और लड़के की गिरफ्तारी को लेकर प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
इसके बाद लड़के के पिता पर बार-बार दोनों को वापस लाने के लिए दबाव बनाया जाने लगा। एक महीना बीत जाने के बाद भी जब लड़का-लड़की दोनों में से कोई वापस नहीं लौटा तो लड़की पक्ष की तरफ से लड़के के शिक्षक पिता को रास्ते में घेरकर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।
गोली चलते ही जान बचाकर भाग रहे शिक्षक जब घर में घुसने लगे तब भी बदमाश गोली चलाते रहे। इससे दूसरे व्यक्ति को भी गोली लग गई। इसके बाद गोली चलाने वाले अपराधी मौके से फरार हो गए। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस इस मामले पर कुछ भी कहने से बच रही है।


