न्यूज़ डेस्क : पति-पत्नी का रिश्ता भरोसे का होता है। शक बीच में आ जाए तो रिश्ता बिखरना तय है। ऐसे ही एक मामले की इन दिनों महिला थाने में जांच चल रही है। असिस्टेंट प्रोफेसर पत्नी पर नजर रखने के लिए असिस्टेंट प्रोफेसर पति लड़की बन गया। लड़की के नाम से सोशल मीडिया पर प्रोफाइल बनाया। पहले पत्नी से जुड़ा। बाद में पत्नी की सहेलियों से दोस्ती कर ली। उसके बारे में छानबीन करता। जब भी शक होता सीधे वीडियो कॉल मिलाता। बात इतनी बिगड़ गई कि मुकदमेबाजी तक जा पहुंचीं।
आगरा के एक महाविद्यालय में तैनात असिस्टेंट प्रोफेसर ने अपने पति और ससुरालीजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपित पति बनारस में असिस्टेंट प्रोफेसर है। पीड़िता ने बताया कि उनकी शादी अप्रैल 2019 में हुई थी। सपने में भी नहीं सोचा था कि जिससे शादी हो रही है वह जीना दुश्वार कर देगा। बात-बात पर पीटा करेगा। शक किया करेगा। लड़की बनकर सोशल मीडिया पर उनका पीछा करेगा। उनकी सहेलियों से उनके बारे में उल्टी सीधी बातें पूछेगा। किसी भी समय वीडियो कॉल मिला देगा। कहेगा कि यह दिखाओ कहां पर हो। क्या कर रही हो। इतना ही नहीं पीड़िता ने अपने पति और ससुरालीजनों पर और भी कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
मुकदमा लिखाया था, मगर अभी तक सिर्फ जांच चल रही है। कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इसलिए उन्होंने एसएसपी मुनिराज जी को प्रार्थना पत्र दिया। आरोप लगाया कि पति पर आईटी ऐक्ट की धाराएं भी लगी हैं। पुलिस ने पति से जांच के लिए उनका मोबाइल मांगा था। पति ने जो मोबाइल जमा कराया है वह बाद में खरीदा था। साइबर क्राइम के लिए जिस मोबाइल का प्रयोग किया उसे पुलिस को जमा नहीं कराया है। पीड़िता का आरोप है कि पति ने युवती बनकर अपने कॉलेज की छात्राओं से भी दोस्ती की थी। उनसे भी उल्टी सीधी बातें किया करते थे। परिवार में एक रिश्तेदार युवती की मौत हुई थी। उसकी मौत का राज भी उनसे छिपाया गया। उस मामले में भी पति से सवाल-जवाब होने चाहिए।


