न्यूज़ डेस्क : बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव सोमवार को चक्रवात यास में तब्दील हो गया। इसने बंगाल व ओडिशा के तटों की ओर बढ़ना शुरू कर दिया है। यह बुधवार को बालासोर में दस्तक देगा। इसको लेकर झारखंड, बंगाल, ओडिशा, आंध्र समेत कई राज्यों में हाई अलर्ट किया गया है।
चक्रवात यास का प्रभाव मंगलवार से ही झारखंड में दिखेगा। इस दौरान कोल्हान में तेज हवा के साथ भारी बारिश के आसार हैं। वैसे तूफान का असर राज्य में 28 मई तक रहेगा। झारखंड के आपदा प्रबंधन मंत्री बन्ना गुप्ता ने जिलों को सतर्कता बरतने को कहा है। वहीं एनडीआरएफ ने भी विशेष इंतजाम किए हैं। एनडीआरएफ की सौ से अधिक टीमें झारखंड समेत 5 राज्यों में तैनात हैं।
कल करेगा प्रवेश
चक्रवात यास झारखंड में बुधवार शाम पूर्वी सिंहभूम की ओर से प्रवेश करेगा। इससे बुधवार और गुरुवार को कोल्हान में भारी बारिश होगी। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि 26 मई को रांची, खूंटी, हजारीबाग, रामगढ़, पलामू, देवघर, धनबाद, दुमका, साहिबगंज में वज्रपात के साथ भारी बारिश होगी। 27 और 28 को रांची-खुंटी समेत राज्य के कई इलाकों में भारी बारिश होगी।
बिजली विभाग भी सतर्क
बिजली आपूर्ति पर असर पड़ने की आशंका को देखते हुए विभाग ने सभी इंजीनियरों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं।
रेलवे भी पूरी तरह तैयार
तूफान को देख रांची और चक्रधरपुर रेल मंडल से गुजरने वाली दर्जनभर ट्रेनों को रद्द किया गया है। आपात स्थिति के लिए हटिया स्टेशन में एक ट्रेन खड़ी रहेगी। जिसमें बोल्डर व मिट्टी लोड रहेगा।


