न्यूज डेस्क: झारखंड के जमशेदपुर के गोविंदपुर की पश्चिमी घोड़ाबांधा पंचायत के राधिका नगर में वार्ड सदस्य ने राहत कार्य के नाम पर शेल्टर होम के शौचालय में 9 साल की बच्ची का यौन शोषण किया। बच्ची राधिकानगर की रहने वाली है। पुलिस आरोपी वार्ड सदस्य सागर पाल उर्फ सुभाष पाल (उम्र 45 से 50 वर्ष के बीच) को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (सीडब्ल्यूसी) की अध्यक्ष पुष्पा रानी तिर्की ने इस मामले में अविलंब कार्रवाई की मांग की है।
प्रशासन ने तूफान को लेकर सभी पंचायत व वार्ड प्रतिनिधियों को निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित शेल्टर होम तक पहुंचाने का निर्देश दिया गया था। इसी क्रम में आरोपी वार्ड सदस्य बच्ची को बहला-फुसला कर पंचायत भवन में बने शेल्टर होम के ठीक पीछे स्थित शौचालय में ले गया और वहां उसके साथ अश्लील हरकत की। इसके बाद गाड़ी सिखाने के नाम पर कार में भी अश्लील हरकत की। मामले की जानकारी तब हुई, जब बच्ची रोते हुए अपनी मां के पास पहुंची और आपबीती बताई। मामले को लेकर ग्रामीणों में खासा रोष है। जानकारी मिलने पर सीडब्ल्यूसी की अध्यक्ष पुष्पा रानी तिर्की भी मौके पर पहुंची और बीडीओ से बात कर अविलंब कार्रवाई की मांग की है। बच्ची को सीडब्ल्यूसी ने अपनी सुरक्षा में ले लिया है। बच्ची की मां के बयान पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
गुस्साए लोग शेल्टर होम छोड़ वापस घर लौटे : इस घटना के बाद शेल्टर होम में लाए गए सभी ग्रामीण सुरक्षा का हवाला देते हुए जान की परवाह किए बगैर वापस अपने घर को लौट गए। प्रशासन ने उन्हें दूसरे जगह शिफ्ट करने की बात कही, पर ग्रामीण तैयार नहीं हुए। उन्होंने दो टूक कहा कि तूफान का नुकसान झेल सकते हैं, पर बच्चों व महिलाओं की इज्जत से खिलवाड़ नहीं।
वार्ड सदस्य ही कार चलाकर ग्रामीणों को शेल्टर होम तक पहुंचाने का काम कर रहा था। इसी दौरान उसने 9 साल की बच्ची के साथ पहले शेल्टर होम के पीछे शौचालय में गलत हरकत की और कार में भी गलत हरकत की। बच्ची ने खुद इसकी जानकारी दी है। बीडीओ से बात कर मामले में अविलंब कार्रवाई की मांग की गई है। सीडब्ल्यूसी ने बच्ची को अपने सुरक्षा में ले लिया है। बाकी ग्रामीण भी शेल्टर होम छोड़कर चले गए हैं।- पुष्पा रानी तिर्की, अध्यक्ष, सीडब्ल्यूसी
बच्ची की मां के बयान पर आरोपी वार्ड सदस्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। बच्ची को सीडब्ल्यूसी की सुरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।- रंजीत सिंह, गोविंदपुर थाना प्रभारी



