न्यूज़ डेस्क : आप झारखंड से ओडिशा जा रहे हैं और कोविड की निगेटिव रिपोर्ट नहीं है, तो आपको घुसने नहीं दिया जायेगा। ऐसा ही एक वाकया शनिवार को देखने मिला, जहां झारखंड के गुवा से ओडिशा के कुदलीबाद बारात ले जा रहे दूल्हा सोनाराम ठठेरा को बारातियों समेत ओडिशा सीमा पर मोहिपानी में तैनात पुलिस ने कोविड निगेटिव टेस्ट रिपोर्ट नहीं होने के कारण वापस कर दिया। बाद में बारात मनोहरपुर पहुंची, जहां कोविड टेस्ट कराया गया। इसके बाद उन्हें ओड़िशा जाने की अनुमति मिली। हालांकि, इस दौरान बारात लग्न के समय से 2 घंटे देर पहुंची। वहीं बीते तीन दिनों में बारात को ओडिशा सीमा से लौटाने की यह तीसरी घटना है।
क्या है मामला
दूल्हा सोनाराम ठठेरा व उसके पिता बुधराम ठठेरा ने बताया कि शनिवार को वे गुवा से ओड़िशा के कुदलीबाद बारात लेकर जा रहे थे। इसी दौरान ओड़िशा के मोहिपानी के समीप तैनात पुलिकर्मियों ने उनसे कोविड की नेगेटिव टेस्ट रिपोर्ट मांगी और रिपोर्ट नहीं होने के कारण सभी को वापस भेज दिया। ओडिशा पुलिस ने कहा कि नियमों के अनुसार बिना टेस्ट रिपोर्ट के उन्हें जाने नहीं दिया जायेगा। इसके बाद तीन गाड़ियों से जा रही बारात में दूल्हा, दो महिलाएं, 2 बच्चे समेत सभी 13 बाराती मनोहरपुर पहुंचे। यहां उन्होंने कोरोना जांच कराकर निगेटिव रिपोर्ट लेने के बाद उन्हें जाने की अनुमति मिली। वहीं, दूल्हे के पिता ने बताया कि लग्न का समय दिन के 12 बजे था, परंतु यहीं पर तीन घंटे देर हो गयी। उन्होंने बताया कि बारात जाने के लिए कोविड टेस्ट संबंधी कोई जानकारी नहीं थी। जबकि इस बाबत ओडिशा पुलिस ने नियमों का हवाला देकर बारात लौटाने की बात कही है।
तीन दिनों में तीन बारात को लौटाया
ओडिशा सीमा से बीते तीन दिनों में तीन बारात को कोविड रिपोर्ट नहीं होने के कारण लौटाया गया है। सभी बारातियों की मनोहरपुर सीएचसी में कोविड जांच की गयी। उसके बाद उन्हें ओडिशा में प्रवेश की अनुमति मिली।
मनोहरपुर सीएचसी पर बढ़ा कोरोना टेस्ट का अतिरिक्त बोझ
ओडिशा प्रशासन गत 3 दिनों में झारखंड से ओडिशा जाने वाली तीन बारात को वापस लौटा चुका है। ऐसे में मनोहरपुर सीएचसी में चल रही कोरोना जांच के कार्य में अतिरिक्त बोझ बढ़ गया है। मनोहरपुर सीएचसी सूत्रों के अनुसार यहां रोजाना 100 लोगों की जांच हो रही है। ऐसे में बारातियों के आने से अतिरिक्त बोझ बढ़ रहा है।
कोविड निगेटिव रिपोर्ट साथ लाना होगा : विनीता मांझी
मामले को लेकर बिसरा पुलिस निरीक्षक विनीत मांझी ने कहा कि ओडिशा सरकार द्वारा दूसरे राज्यों से आ रहे लोगों को कोविड निगेटिव रिपोर्ट साथ लाने को लेकर स्पष्ट सर्कुलर जारी किया गया है, अन्यथा उन्हें प्रवेश नहीं दिया जायेगा। वहीं, ओड़िशा के मोहिपानी में बने जांच केंद्र में बाहर से आने वाले लोगों की कोविड जांच करने की कोई व्यवस्था नहीं की गयी है।
नियमों की जानकारी नहीं थी : बुधराम
दूल्हे के पिता बुधराम ठठेरा ने कहा कि कोरोना को लेकर उन्हें ओडिशा सरकार के सर्कुलर की जानकारी नहीं थी। उन्हें मोहिपानी से लौटा दिया गया। कहा, शादी में लग्न 12 बजे दिन का था पर हम 3 घंटे देर से पहुंचेंगे।
सीएचसी में बढ़ रहा अतिरिक्त बोझ : मोहंती
मनोहरपुर अस्पताल मैनेजर स्वप्नजीत मोहंती ने कहा कि यहां रोजाना 100 लोगों की कोरोना जांच हो रही है। जिला प्रशासन की ओर से रैपिड एंटीजन टेस्ट सिर्फ इमरजेंसी वाले मरीजों का करना है। ऐसे में कोरोना जांच के लिए बारातियों के आने से सीएचसी पर अतिरिक्त बोझ बढ़ गया है।


