न्यूज़ डेस्क : सीबीआई की आर्थिक अपराध शाखा की तरफ से पूर्व रेल मंत्री और राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव को डीएलएफ रिश्वत मामले में क्लीन चिट दे दी गई है. समाचार चैनल एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार लालू यादव को डीएलएफ रिश्वत मामले में क्लीन चिट मिल गई है. चारा घोटाला मामले में जेल में सजा काट रहे लालू यादव अभी जमानत पर बाहर हैं. उन्होंने तीन साल से अधिक समय तक जेल में बिताया था. सीबीआई ने जनवरी 2018 में लालू यादव के ऊपर भ्रष्टाचार और रियल स्टेट डेवलपर डीएलएफ समूह के खिलाफ जांच शुरू की थी.
इस मामले में लालू यादव पर आरोप लगाया गया था कि शेल कंपनी एबी एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड ने दिसंबर 2007 में करीब 5 करोड़ रुपए में दक्षिणी दिल्ली में एक संपत्ति खरीदी थी. बता दें कि उसके बाद तेजस्वी यादव, चंदा यादव और रागिनी यादव ने 2011 में एबी एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के शेयर केवल चार लाख में खरीदे थे. जिसके बाद वह उस प्रॉपर्टी के मालिक हो गए.
बताया जा रहा है कि जांच दल ने प्रारंभिक जांच को एक एफआईआर में बदलने का विचार किया था. उस दौरान कई अनियमितता का पता चला था जिसमें नकली स्टांप पेपर, नकली लेनदेन समेत लालू यादव के परिवार के पक्ष में सम्पत्ति ट्रांसफर का पता चला था. लेकिन उस दौरान तत्कालीन सीबीआई के निदेशक आरके शुक्ला समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने साक्ष्य के अभाव के मामले में इस केस को बंद कर दिया था.


