न्यूज़ डेस्क : कोरोना गाइडलाइन की अनदेखी करने पर प्रखंड विकास पदाधिकारी की सख्ती से बुधवार को बड़ा बवाल हो गया। मौके पर आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर बीडीओ की गाड़ी पर पथराव किया। गाड़ी का शीशा तोड़ने के साथ ही गुस्साए लोगों ने बीडीओ की गाड़ी के चालक के साथ मारपीट की। उपद्रवियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि शर्मा चौक पर कोविड गाइडलाइन की अनदेखी करने पर बीडीओ राजकुमार चौधरी ने एक व्यवसायी की डंडे से पिटाई कर दी। डंडा सिर में लगने के कारण वह जख्मी हो गया। इस बात को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच 106 को शर्मा चौक के पास जाम कर दिया।
इस बीच डीएम श्याम बिहारी मीणा घैलाढ़ ब्लॉक का निरीक्षण कर मधेपुरा लौटने के दौरान वहां पहुंचे। डीएम ने लोगों को कोरोना गाइडलाइन का पालन करने की नसीहत दी। साथ लोगों को आश्वासन दिया कि यदि किसी पदाधिकारी ने गलती की है तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। डीएम के आश्वासन पर लोगों ने जाम हटा दिया।
डीएम के निकलने के बाद लोगों ने फिर सड़क जाम कर दिया। इसी बीच बीडीओ की गाड़ी देख कर लोग फिर से आक्रोशित हो गए। कुछ लोगों ने बीडीओ की गाड़ी के चालक की जमकर पिटाई कर दी। पथराव कर गाड़ी का शीशा तोड़ दिया। जाम हटाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।
बीडीओ राजकुमार चौधरी ने बताया कि कुछ दुकानदारों द्वारा कोविड गाइडलाइन की अनदेखी की जा रही थी। उनको हिदायत देने के लिए डंडा उठाया था। किसी दुकानदार को डंडा नहीं मारा है। दुकानदार का सिर कैसे फूटा इसकी जानकारी नहीं है।


