Requirement Ads

हमारे यूट्यूब चैनल को अभी सब्स्क्राइब करें

पश्चिम बंगाल में चुनाव के बीच ममता बनर्जी का वादा, 5 मई के बाद 18 वर्ष से अधिक उम्र के सभी लोगों को मुफ्त टीका // LIVE NEWS 24

यहाँ अपने बिजनेस राजनीतिक शुभकामना प्रचार के लिए सम्पर्क करें।
न्यूज़ डेस्क : पश्चिम बंगाल में चुनाव के बीच सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी घोषणा की है कि यदि राज्य में फिर उनकी सरकार बनी तो 5 मई से 18 वर्ष से अधिक उम्र के सभी लोगों को मुफ्त टीका दिया जाएगा। यह वादा ऐसे समय पर किया गया है, जब राज्य में आज ही छठे चरण का मतदान हुआ है और अभी दो चरणों में वोटिंग होनी बाकी है।

ममता बनर्जी ने एक चुनावी रैली में वादा किया, ''18 वर्ष से अधिक उम्र के सभी लोगों का 5 मई के बाद मुफ्त टीका लगाया जाएगा। जो कहोगे वही मिलेगा। सरकार सबको टीका खरीद कर देगी।'' गौरतलब है कि राज्य में 2 मई को मतगणना है। मोदी सरकार ने 1 मई से 18 वर्ष से अधिक उम्र के सभी लोगों के टीकाकरण की अनुमति दी है।

तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता ने गुरुवार को तीन रैलियों को संबोधित किया। ममता ने तपन में एक चुनावी रैली में कहा कि केंद्र को कोविड-19 रोधी टीकों की खुराक की अलग-अलग कीमत की अनुमति नहीं देनी चाहिए और लोगों को यह टीका मुफ्त में दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कोविशील्ड की कीमत केंद्र के लिए 150, राज्यों के लिए 400 रुपए और निजी अस्पतालों के लिए 600 रुपए रखी गई है।

तृणमूल सुप्रीमो ने कहा, ''क्या यह मजाक है? आखिर एक टीका अलग-अलग कीमत पर क्यों बेचा जा रहा है? टीके का वाणिज्यीकरण नहीं होना चाहिए।'' उन्होंने कहा, ''प्रधानमंत्री नागरिक सहायता और आपात स्थिति राहत कोष (पीएम केयर्स फंड) में केंद्र के पास काफी धन है लेकिन वह मुफ्त टीका उपलब्ध नहीं करवाएगा। आखिर वे (केंद्र के नेता) इन दिनों जरूरतमंदों की मदद क्यों नहीं कर सकते? ममता ने आरोप लगाया कि कोविड-19 के मामलों में बढ़ोत्तरी देश के लिए मोदी की देन है।

उन्होंने कहा, ''अब तक आपने (प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने) कुछ नहीं किया, आपने लोगों को सचेत नहीं किया या समय रहते जरूरी एहतियात नहीं बरती। अब मामलों के बढ़ने के बीच आप लोगों से टीके की खुराक खरीदने और टीका लगवाने के लिए कह रहे हैं।'' ममता ने इजराइल का उल्लेख किया जहां मास्क पहनना अब अनिवार्य नहीं है। उन्होंने कहा, ''भारत में क्या हुआ? अब तक मोदी सरकार ने राज्यों को खुद टीकाकरण अभियान चलाने की अनुमति नहीं दी और इसी के कारण इस प्रक्रिया में देरी हुई।''

तृणमूल कांग्रेस के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने 43 लाख लोगों को टीके की खुराक दी है, इसका उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा, ''अब तक हमने 40,000 से 50,000 लोगों का हर दिन टीकाकरण किया है। राज्य ने टीके की एक करोड़ खुराक की मांग की है। उन्होंने आश्वस्त किया कि उनकी सरकार फिर से बनने पर 18 साल से अधिक उम्र के लोगों का मुफ्त में टीकाकरण किया जाएगा।