न्यूज़ डेस्क : झारखंड के कोडरमा जिले के जयनगर थाना क्षेत्र स्थित योगिया टिल्हा से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां जमीन विवाद में एक युवती को उसके गोतिया लोगों ने गोशाला के कमरे में बंद कर दरवाजे पर ईंट की दीवार चुनवा दी। शुक्रवार दोपहर एक बजे जयनगर थाना क्षेत्र के योगियाटिल्ला गांव में यह सनसनीखेज घटना हुई। युवती करीब छह घंटे तक कमरे में बंद रही।
घटना की सूचना पाकर थाने के एसआई राजेंद्र राणा फोर्स लेकर पहुंचे और दीवार तोड़कर युवती को बाहर निकाला। दम घुटने की शिकायत पर युवती को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। इस मामले में पुलिस ने सावित्री देवी नामक एक महिला को हिरासत में लिया है।
घटना के वक्त पीड़िता सुलेखा के माता-पिता एक रिश्तेदार के यहां गृह प्रवेश में गए थे। थाना प्रभारी अब्दुल्ला खान ने बताया कि मामला बहुत गंभीर है। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। सुलेखा ने बताया कि दोपहर में वह गाय के बछड़े को चारा दे रही थी।
इसी बीच गांव के ही विनोद पंडित, शंकर पंडित, मनोज पंडित, बीरबल पंडित, उषा, गायत्री, मनीषा, मीना और सावित्री देवी उसके घर पहुंच गईं। सभी ने जबरन उसे गौशाला में बने कमरे में बछड़े के साथ बंद कर दरवाजे पर ताला जड़ दिया। इसके बाद मुख्य दरवाजे को ईंट की दीवार से जोड़कर बंद कर दिया।


